नवम्बर 27, 2025 8:46 अपराह्न

printer

कर सुधारों ने प्रणाली को सरल और पारदर्शी बनाया: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि एक राष्ट्र, एक कर जैसे सुधारों ने देश के कर ढांचे को सरल और पारदर्शी बनाया है। इससे देश के विकास और समृद्धि में योगदान मिला है।

 

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने आज नई दिल्ली में भारतीय राजस्व सेवा के 76वें बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा प्रशिक्षु अधिकारियों का साहसिक, आत्मविश्वासी और नया दृष्टिकोण भारत को वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर होने में सहायता करेगा।

 

उन्‍होंने कहा कि ये अधिकारी देश की आर्थिक मजबूती के प्रमुख स्तंभ हैं। लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि डिजिटल कर प्रणाली, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-आधारित मूल्यांकन और डेटा विश्लेषण जैसे आधुनिक उपकरण कराधान में पारदर्शिता और निष्पक्षता बढ़ाते हैं।

 

उन्‍होंने विभिन्न केंद्रीय और अखिल भारतीय सेवाओं में महिला अधिकारियों की बढ़ती संख्या पर भी संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह भारत के विकास और आकांक्षाओं को दर्शाता है।