कर्मचारियों के विभिन्न मुद्दों पर सरकार समन्वय के साथ सकारात्मक दिशा में कार्य करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कैबिनेट के अन्य सहयोगी मामले पर सहयोग के साथ कर्मचारियों की समस्याओं का हल निकालने के लिए प्रतिबद्ध है। लोक निर्माण एवं शहरी विकास विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने यह बात निरमंड में लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के हर कर्मचारी का सम्मान करते हैं। उन्होंने प्रदेश के निर्माण में कर्मचारियों की भूमिका का सराहना भी की।
इस मौके पर कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा बागीपुल, केदस और कोयल में बैली ब्रिज रिकॉर्ड 14 दिन के समय में तैयार कर दिए गए हैं। इससे हाल ही में आई आपदा के पश्चात क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण से कुर्पण खड्ड के दांई और बांई ओर में रहने वाले क्षेत्रों के किसानों, बागवानों और स्थानीय जनता का जुड़ाव उपमंडल के मुख्यालय निरमंड से सुनिश्चित हुआ है। मंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के कर्मठ अधिकारियों और कर्मचारियों के कारण यह संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि इसके चलते यह सम्मान कार्यक्रम कर्मचारियों के योगदान के लिए आयोजित किया जा रह है।
लोक निर्माण मंत्री ने विभाग में तैनात मल्टी टास्ट वर्कर का मानदेय यथासंभव बढ़ाने के लिए उचित निर्णय लेने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि निरमंड क्षेत्र में करीब 140 करोड़ रुपए से विभिन्न सड़कों का निर्माण कार्य एवं रख-रखाव कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क मार्गों के निर्माण कार्य को समय पर पूर्ण करें।