सितम्बर 30, 2025 1:42 अपराह्न

printer

करूर भगदड़ की जांच के लिए गठित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का प्रतिनिधिमंडल आज कोयंबटूर पहुंचा

भारतीय जनता पार्टी सांसद हेमा मालिनी के नेतृत्व में करूर भगदड़ की जांच के लिए गठित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का प्रतिनिधिमंडल आज कोयंबटूर पहुंचा। हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में श्रीमती हेमा मालिनी ने बताया कि उनका प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवारों और अस्पताल में भर्ती मरीजों से मिलकर घटना की जांच करेगा। उन्‍होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।

प्रतिनिधिमंडल के वरिष्ठ सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न दलों और राज्यों के सदस्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल स्थानीय इलाकों का दौरा करेगा और जमीनी स्तर पर लोगों और अधिकारियों से मिलकर भगदड़ से संबंधित तथ्यों की जानकारी लेगा। इसकी रिपोर्ट भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को सौंपी जाएगी। ।