फ़रवरी 2, 2025 1:52 अपराह्न

printer

कनाडा ने दिया अमेरिका को जवाब, अमरीकी आयात पर 25 प्रतिशत शुल्‍क लगाने की घोषणा की

अमरीका की ओर से लगाए गए आयात शुल्‍क के जवाब में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने अमरीका से उनके देश में आने वाले 155 बिलियन डॉलर के सामान पर 25 प्रतिशत शुल्‍क लगाने की घोषणा की है। ओटावा में संवाददाता सम्‍मेलन में ट्रूडो ने तीस अरब डॉलर मूल्य के अमरीकी आयात पर मंगलवार से 25 प्रतिशत शुल्‍क लगाने की घोषणा की।

 

उन्‍होंने 21 दिन के भीतर सवा सौ अरब डॉलर मूल्‍य के अमरीकी सामान पर 21 दिन के भीतर इतना ही शुल्‍क लगाने की भी घोषणा की। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री ट्रूडो ने कहा कि उन्‍होंने अपनी कैबिनेट से मुलाकात की है और वे मैक्सिको की राष्‍ट्रपति शिनबॉम से भी बात करेंगे। उन्‍होंने यह भी कहा कि कनाडा यह नहीं करना चाहता था, लेकिन अब वह हर परिस्थिति के लिए तैयार है।

 

इससे पहले मैक्सिको की राष्‍ट्रपति लॉडिया शिनबॉम ने भी कहा कि उनका देश अमरीकी राष्‍ट्रपति ट्रम्‍प की ओर से लगाए शुल्‍कों पर जवाबी कार्रवाई करेगा। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में सुश्री शिनबॉम ने कहा कि उन्‍होंने अपने अर्थव्‍यवस्‍था मंत्री को निर्देश दिया है कि रणनीति के प्‍लान-बी को लागू करें, जिसमें मैक्सिको के हितों की रक्षा के लिए शुल्‍क और गैर-शुल्‍क दोनों ही प्रावधान शामिल हैं।