कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा है कि चुनौतियों के बावजूद श्री मोदी भारत में आम लोगों तक कल्याणकारी कार्यक्रम पहुंचाने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
श्री कार्नी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में वित्तीय सुधारों के माध्यम से करोड़ों लोगों को औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ने में सफलता हासिल की है। श्री कार्नी ने ये बातें कल सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख विचारक लोवी इंस्टीट्यूट में एक संवाद के दौरान कहीं। इस दौरान उनसे प्रधानमंत्री मोदी के बारे में उनके आकलन पूछे गए।
यह संवाद दोनों नेताओं की नई दिल्ली में हुई मुलाकात के कुछ दिनों बाद हुआ। कनाडा के प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बनने और फिर वर्ष 2014 में भारत के प्रधानमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 25 वर्षों में एक भी दिन की छुट्टी नहीं ली है।
उन्होंने कहा कि हर सप्ताहांत मोदी चुनाव प्रचार में व्यस्त रहते हैं, जहां उनकी रैलियों में ढाई लाख लोग शामिल होते हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री ने वैश्विक मामलों में देश की गुटनिरपेक्ष स्थिति पर भी प्रकाश डाला।