फ़रवरी 27, 2026 7:36 पूर्वाह्न

printer

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी चार दिन की भारत यात्रा पर आज मुंबई पहुंचेंगे

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी आज से दो मार्च तक भारत की यात्रा पर रहेंगे। प्रधानमंत्री कार्नी की यह भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री कार्नी आज मुंबई पहुंचेगे और अगले दो दिन तक व्‍यावसायिक संगोष्ठियों में भाग लेंगे। श्री कार्नी उद्योग जगत और वित्‍तीय विशेषज्ञों, दोनो देशों के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारियों, नवाचारियों और भारत स्थित कनाडाई पेंशन निधि अधिकारियों से बातचीत करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्नी एक मार्च को दिल्‍ली आएंगे। अगले ही दिन प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ हैदराबाद हाऊस में उनकी शिष्ट मंडल स्‍तर की वार्ता होगी। दोनों नेता भारत- कनाडा कार्यनीतिक साझेदारी के विभिन्‍न क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और प्रमुख क्षेत्रों में जारी सहयोग का जायजा लेंगे। वे क्षेत्रीय और व‍ैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। इसके बाद दोनों नेता भारत-कनाडा मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी फोरम की बैठक में भाग लेंगे।

हमारे संवाददाता ने बताया कि कनाडा के प्रधानमंत्री की यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को सामान्‍य बनाने के प्रयास के महत्‍वपूर्ण अवसर पर हो रही है। दोनों नेताओं के बीच होने वाली बैठक से आपसी साझेदारी मजबूत करने में मदद मिलेगी।