संयुक्त राज्य अमेरिका और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों ने पश्चिम एशिया में हवाई खतरों से निपटने के लिए कतर के अल उदैद हवाई अड्डे पर एक नया संयुक्त वायु और मिसाइल रक्षा समन्वय केंद्र खोला है। अमरीका केंद्रीय कमान ने बताया कि अल उदैद एयर बेस में संयुक्त वायु संचालन केंद्र के तहत मध्य पूर्वी वायु रक्षा-संयुक्त रक्षा अभियान केंद्र की स्थापना की है, जहां 17 देश क्षेत्रीय हवाई गतिविधियों का समन्वय करते हैं। यह नया केंद्र वायु और मिसाइल रक्षा के लिए एकीकरण, सूचना साझाकरण और समन्वित योजना में सुधार हेतु अमरीका और क्षेत्रीय कर्मियों को एक साथ लाता है।
सेंटकॉम के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा कि क्षेत्रीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। अमरीका वायु सेना के केंद्रीय कर्मी क्षेत्रीय समकक्षों के साथ मिलकर बहुराष्ट्रीय अभ्यासों की योजना बनाएंगे, अभ्यास करेंगे, आकस्मिक स्थितियों से निपटेंगे और खतरे की चेतावनियों को साझा करेंगे। इस नए सेल का शुभारंभ पिछले वर्ष अमरीका सेना के केंद्रीय विभाग द्वारा कतर और बहरीन के साथ वायु और मिसाइल रक्षा के लिए द्विपक्षीय संयुक्त कमान चौकियों के उद्घाटन के बाद हुआ है।