निर्वाचन आयोग ने असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल तथा केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में आगामी विधानसभा चुनावों से जुड़े अधिकारियों के तबादलों से संबंधित निर्देश जारी किए हैं। इन राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल इस वर्ष मई और जून के बीच समाप्त होने वाला है, जिसके लिए आयोग ने तैयारी संबंधी प्रशासनिक उपाय किए हैं।
आयोग ने कहा है कि चुनाव कार्य में सीधे तौर पर जुड़े अधिकारियों को उनके गृह नगर और उन जिलों में तैनात करने की अनुमति नहीं दी जाएगी, जहां उन्होंने पिछले चार में से तीन वर्षों की सेवा पूरी कर ली है। यह शर्त तभी लागू होगी, जब अधिकारी ने असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में 31 मई 2026 तथा पुद्दुचेरी के लिए 30 जून 2026 को या उससे पहले अपना कार्यकाल पूरा कर लिया हो या कर लेंगे।
आयोग ने इन सभी राज्यों के मुख्य सचिवों और मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे पत्र में निर्देश दिया है कि सभी तबादले 27 फरवरी 2026 तक पूरे कर लिए जाएं और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।