मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

अगस्त 8, 2025 10:51 पूर्वाह्न

printer

कंबोडिया और थाईलैंड ने सामान्य सीमा समिति की बैठक में एक समझौते पर किए हस्ताक्षर

कंबोडिया और थाईलैंड ने कल सामान्य सीमा समिति-जीबीसी की बैठक में युद्धविराम पर सहमति व्यक्त करते हुए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। बैठक में कंबोडिया और थाईलैंड के अधिकारी शामिल हुए जबकि अमरीका, चीन और मलेशिया के प्रतिनिधियों ने तीसरे पक्ष के पर्यवेक्षकों के रूप में भाग लिया। मलेशिया के रक्षा मंत्रालय में आयोजित वार्ता के बाद जारी एक संयुक्त बयान के अनुसार दोनों पक्ष सभी प्रकार के हथियार रहित युद्धविराम पर सहमत हुए। साथ ही उन्‍होंने एक-दूसरे की चौकियों या सैनिकों पर बिना उकसावे के गोलीबारी से बचने का संकल्प लिया तथा सीमा पर सेना की संख्‍या नहीं बढ़ाने पर भी सहमति जताई। दोनों पक्ष 28 जुलाई की मध्यरात्रि को युद्धविराम समझौते के समय की स्थिति के अनुसार बिना किसी और बदलाव के वर्तमान सैन्य तैनाती को बनाए रखने पर भी राजी हुए। बयान में आगे कहा गया है कि वे अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून के अनुसार पकड़े गए सैनिकों के साथ उचित व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं।

    वार्ता के बाद पत्रकारों से बातचीत में थाई कार्यवाहक रक्षा मंत्री नट्टाफोन नर्कफेनिट ने कहा कि यह बैठक द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय शांति के लिए महत्वपूर्ण है और आशा व्यक्त की कि यह बैठक दीर्घकालिक शांति को बढ़ावा देने के लिए कंबोडिया के साथ काम करने का एक अवसर प्रदान करेगी। कंबोडिया के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री टी सेइहा ने कहा कि कंबोडिया युद्ध विराम को पूरी तरह से लागू करेगा और क्षेत्रीय शांति के लिए रचनात्मक दृष्टिकोण के साथ घनिष्ठ समन्वय और सहयोग बनाए रखेगा। कंबोडिया और थाईलैंड की सेनाओं के बीच 24 जुलाई को सीमा पर हिंसक झड़प शुरू हो गई थी। दोनों देश 28 जुलाई की दोपहर को युद्धविराम पर सहमत हुए जो उसी दिन आधी रात से प्रभावी हो गया।