राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज भुवनेश्वर में ओडिशा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन विधायकों को संबोधित किया। उन्होंने विधायकों से आम लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने और ओडिशा के गठन के 100 वर्ष पूरे करने तक, एक समृद्ध राज्य बनाने के लिए समर्पण के साथ काम करने का आग्रह किया। राष्ट्रपति ने कहा कि ओडिशा संसाधनों से संपन्न है और इसमें एक अग्रणी राज्य बनने की क्षमता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि यह उनके लिए एक भावुक क्षण है क्योंकि लगभग 25 वर्ष पहले ओडिशा विधानसभा में एक विधायक के रूप में उन्होंने अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया था। राष्ट्रपति ने उस कक्ष का भी दौरा किया जहाँ उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान काम किया था। राष्ट्रपति मुर्मु ने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक अपनी यात्रा का श्रेय विधानसभा को दिया। यह पहली बार है जब भारत के किसी राष्ट्रपति ने ओडिशा विधानसभा को संबोधित किया।