महिला हॉकी इंडिया लीग का पहला खिताब ओडिशा वॉरियर्स ने जीत लिया है। कल रांची में ओडिशा वॉरियर्स ने फाइनल में जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब को 2-1 से पराजित किया।
रुतुजा दादासो पिसल ने दूसरे क्वार्टर में गोल कर वॉरियर्स को बढत दिलाई लेकिन पेन्नी स्किवब ने कुछ देर बाद ही गोल कर मैच को बराबरी पर ला दिया। मैच के आखिर में रुतुजा ने एक और गोल किया और वॉरियर्स ने मैच जीत लिया। रुतुजा को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
पुरस्कार समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ओडिशा वॉरियर्स की कप्तान नेहा गोयल को ट्रॉफी प्रदान की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सोरेन ने ओडिशा वॉरियर्स को बधाई दी और हॉकी इंडिया लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं। जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब की ज्योति को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
ओडिशा वॉरियर्स की यिब्बी जेनसन और जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब की चार्लोट एंजलबर्ट ने टूर्नामेंट में सबसे अधिक गोल किये। जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब की सविता पूनिया को टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और सोनम को आगामी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया।
आज पुरुष हॉकी लीग में राउरकेला में श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स का सामना दिल्ली एसजी पाइपर्स से होगा। मैच शाम छह बजे से खेला जाएगा। राउरकेला में ही शाम सवा आठ बजे जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब और वेदांता कलिंगा लांसर्स आमने-सामने होंगे।