ओडिशा में लोकसभा चुनाव के बाकी तीन चरणों के लिए और विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जारी है। भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और बीजू जनता दल के वरिष्ठ नेता अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए चुनावी दौरे और रोड शो कर रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भुवनेश्वर में एक रोड शो किया और सुंदरगढ़ और बारगढ़ लोकसभा क्षेत्रों में दो रैलियों को संबोधित किया। बीजू जनता दल के प्रमुख और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी आज शाम भुवनेश्वर में एक रोड शो किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भुवनेश्वर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया और युवाओं को रोजगार देने में असमर्थ होने के लिए ओडिशा में बीजू जनता दल सरकार की आलोचना की। उन्होंने आज दोपहर कंधमाल संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत फुलबनी में एक सार्वजनिक रैली को भी संबोधित किया। पांच लोकसभा सीटों, बारगढ़, सुंदरगढ़, बोलांगीर, कंधमाल और अस्का लोकसभा क्षेत्रों और उनके क्षेत्र में आने वाली 35 विधानसभा सीटों पर इस महीने की 20 तारीख को मतदान होगा।