ओडिशा भीषण गर्मी की चपेट में है। अगले दो दिनों में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान राज्य के छह जिलों झारसुगुड़ा, संबलपुर, सोनपुर, बौध, बलांगीर और कालाहांडी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि आर्द्रता में वृद्धि और हवा की दिशा में बदलाव से अगले महीने की दो और तीन तारीख को आंतरिक ओडिशा के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है।
पश्चिमी ओडिशा के झारसुगुड़ा में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि राजधानी भुवनेश्वर में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 40 दशमलव दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोगों को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के दौरान बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।