अप्रैल 1, 2024 1:15 अपराह्न

printer

ओडिशा दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी शुभकामनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज ओडिशा दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्‍ट के माध्यम से राष्‍ट्रपति ने कहा कि “ओडिशा अपने विशाल प्राकृतिक संपदा और समृद्ध सांस्‍कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। इस राज्‍य के लोगों ने ओडिशा और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।” राष्‍ट्रपति मुर्मू ने कहा कि “ओडिशा आधुनिक भारत के कई निर्माताओं सहित सदियों से कई विभूतियों का राज्‍य रहा है।”

उपराष्ट्रपति श्री धनखड़ ने कहा कि “भव्य प्राचीन मंदिरों से लेकर आधुनिक युग के उन्नत नवाचार, ओडिशा की समृद्ध संस्‍कृति, विरासत और प्रगति सभी को अभिभूत करते रहे हैं।”

प्रधानमंत्री ने अपनी शुभकामना में कहा कि “यह दिवस हमें ओडिशा की समृद्ध संस्‍कृति, विरासत और यहां के ऊर्जावान लोगों की याद दिलाता है।” उन्होंने कहा कि “ओडिशा ने राष्‍ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पीएम मोदी ने ओडिशा के लोगों की सफलता और समृद्धि की कामना की।”