ओडिशा में 77वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। राज्यपाल हरिबाबू कंभमपति ने भुवनेश्वर में महात्मा गांधी मार्ग पर ने राज्य के गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, ओडिशा औद्योगिक सुरक्षा बल, होमगार्ड और सिविल डिफेंस के कर्मियों सहित 54 जत्थों ने इस परेड में भागीदारी की।
विभिन्न कॉलेजों और स्कूलों के विद्यार्थी भी इस परेड में शामिल हुए। राज्य सरकारों के विभिन्न विभागों की 12 झांकियों ने कल्याणकारी योजनाओं और विकास पहलों का प्रदर्शन किया। वहीं विभिन्न जिलों के लोकनृत्य कलाकारों के समूहों ने ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री मोहन माझी ने कटक के बाराबती स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने संविधान, भारत के स्वाधीनता संग्राम और राष्ट्र की प्रगति के महत्व का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान न्याय, स्वाधीनता, समानता और भाईचारे के मूल्यों को समाहित करता है। यह भारतीय लोकतंत्र का मार्गदर्शन करता है।