जुलाई 28, 2025 7:58 पूर्वाह्न

printer

ऑपरेशन सिंदूर से पूरे विश्व ने देखा भारत का अदम्य साहस: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर ने पूरे विश्‍व को दिखा दिया है कि देश की सम्‍प्रभुता पर हमला होने पर भारत कैसे जवाब देगा। श्री मोदी ने कहा कि इस सैन्‍य अभियान ने पूरे देश में नया आत्‍म विश्‍वास भर दिया है। प्रधानमंत्री तमिलनाडु के गंगईकोंडा चोलापुरम में चोल राजा राजेन्‍द्र चोल प्रथम की जन्‍म शताब्‍दी समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह भी सिद्ध किया है कि भारत पर हमला करने वाले शत्रु और आतंकवादियों के छिपने के लिए कहीं कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। श्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने पूरे विश्‍व को स्‍पष्‍ट संदेश दिया है कि अपनी सुरक्षा और सम्‍प्रभुता पर आंच आने पर भारत मजबूती से कार्रवाई करेगा।

   

श्री मोदी ने घोषणा की कि भारतीय इतिहास और संस्‍कृति में महत्वपूर्ण योगदान के लिए तमिलनाडु में राजराजा चोल और उनके पुत्र राजेंद्र चोल-प्रथम की भव्य प्रतिमाएँ स्थापित की जाएँगी। उन्होंने कहा कि चोल साम्राज्‍य भारतीय इतिहास का स्‍वर्ण युग था जिसमें वास्‍तुकला, शासन, राजनय, व्‍यापार और सांस्‍कृतिक एकीकरण में महत्‍वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं। प्रधानमंत्री ने कहा कि चोल शासकों ने श्रीलंका, मालदीव और दक्षिण पूर्व एशिया में मजबूत राजनीतिक और व्यापारिक संबंध स्‍थ‍ापित किए। श्री मोदी ने तमिलनाडु की प्राचीन शैव परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ने तमिलनाडु से चोरी हुई 30 प्राचीन कलाकृतियां दुनिया के विभिन्‍न देशों से वापस प्राप्‍त की हैं।