अक्टूबर 14, 2025 9:42 अपराह्न

printer

ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय वायु सेना ने 12 से 13 पाकिस्तानी सैन्य विमान गिराए: उप-सेना प्रमुख

सेना उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान के 12-13 लडाकू जहाजों को मार गिराया। उन्‍होंने कहा कि इस ऑपरेशन में सशस्त्र बलों ने पाकिस्‍तान के एक सौ से अधिक आतंकियों को भी ढेर कर दिया। नई दिल्ली में आज संयुक्त राष्ट्र सैन्‍य योगदानकर्ता देश-यूएनटीसीसी कॉन्क्लेव में संयुक्त राष्ट्र के 32 देशों के प्रमुखों और प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए, लेफ्टिनेंट जनरल घई ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर तीनों सेनाओं का संयुक्‍त अभियान था। उन्होंने कहा कि यह सैन्य सटीकता, कूटनीतिक दक्षता, सूचनात्मक श्रेष्ठता और आर्थिक क्षमता का सम्मिश्रण था।
लेफ्टिनेंट जनरल घई ने कहा कि पाकिस्‍तान को युद्ध समाप्त करने का अनुरोध करने में 88 घंटे लगे। उन्होंने कहा कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के राजनीतिक और सैन्य लक्ष्य हासिल कर लिए। इस दौरान पूरे पाकिस्तान में नौ ठिकानों को निशाना बनाया गया। लेफ्टिनेंट जनरल घई ने कहा कि सैन्य कार्रवाई लक्षित, नियंत्रित और बिना उकसावे वाली थी।