मिजोरम के गृह मंत्री पु. के. सपडांगा ने विधानसभा को सूचित किया कि 1 सितंबर 2025 से चल रहे ऑपरेशन जेरिको के अंतर्गत लगभग 317 करोड़ रूपये से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। सत्र के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत कई क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कई प्रमुख मार्गों को अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे तस्करी की गतिविधियों में काफी कमी आई है।
उन्होंने बताया कि खुफिया जानकारी के अनुसार दक्षिणी मिजोरम और राज्य के सीमावर्ती क्षेत्र मणिपुर में नए तस्करी मार्गों का पता चला है। वर्तमान में इन पर नजर रखी जा रही है।
गृह मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन जेरिको 31 मार्च को समाप्त होगा। इस अभियान को आगे बढ़ाने के संबंध में अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है।