फ़रवरी 26, 2026 12:34 अपराह्न

printer

एससीआर ने सिकंदराबाद रेल निलयम में रेल पार्सल ऐप का किया शुभारंभ

दक्षिण मध्‍य रेलवे-एससीआर ने सिकंदराबाद रेल निलयम में अगली पीढ़ी के रेल पार्सल ऐप का शुभारंभ करके आज एक महत्‍वपूर्ण डिजिटल उपलब्धि हासिल की है। अपनी तरह के इस पहले डिजिटल ई- मार्केटप्‍लेस का उद्देश्‍य घर से पिकअप और डिलीवरी सहित पूर्ण निर्बाध सेवाएं पेश करके माल ढुलाई लॉजिस्टिक में क्रांतिकारी परिवर्तन लाना है। महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्‍तव ने इस ऐप का शुभारंभ किया। उन्‍होंने लंबी कतारों को खत्‍म करने और ग्राहकों की पहुंच तक पार्सल ऑफिस को लाने में इसकी भूमिका का उल्‍लेख किया।

इस ऐप में रीयल-टाइम ट्रैकिंग, स्‍व-चालित सूचनाएं प्रदान करने तथा सुरक्षित डिजिटल भुगतान का विकल्‍प उपलब्‍ध है। आरंभ में इस सेवा की प्रायोगिक परियोजना हैदराबाद, विजयवाड़ा और बेंगलुरू सहित सात प्रमुख स्‍थानों पर शुरू की जा रही है। इसके साथ ही एससीआर ने माल ढुलाई लॉजिस्टिक मार्केट पर एक व्‍यापक अध्‍ययन संचालित करने के लिए आईआईएम बेंगलुरू के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्‍ताक्षर किए। इस सहयोग का उद्देश्‍य बुनियादी ढांचा अंतराल की पहचान करना तथा 2030 तक तीन हजार मिलियन टन कार्गो लदान के राष्‍ट्रीय लक्ष्‍य को प्राप्‍त करने में सहायता प्रदान करने के लिए रेल आधारित लॉजिस्टिक को बढावा देना है।