मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

अक्टूबर 28, 2025 8:39 पूर्वाह्न

printer

एसआईआर का दूसरा चरण 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में होगा आयोजित, अगले वर्ष 7 फरवरी को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर का दूसरा चरण 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आयोजित किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची अगले वर्ष 7 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कल नई दिल्ली में एक प्रेस वार्ता में कहा कि यह प्रक्रिया उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, गोवा, केरल, पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप को कवर करेगी। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दूसरे चरण में 51 करोड़ मतदाता शामिल होंगे।

 

ज्ञानेश कुमार ने कहा कि गणना पत्रों की छपाई और बूथ स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण आज से शुरू होगा जो कि 3 नवंबर तक चलेगा। गणना का चरण 4 दिसंबर तक चलेगा। 9 दिसंबर को मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 8 जनवरी 2026 तक दावे और अपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। अगले साल 9 दिसम्‍बर से 31 जनवरी तक सत्‍यापन और सुनवाई की जाएगी।

 

इन 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की मतदाता सूचियाँ अब फ्रीज कर दी गई हैं। बूथ स्तर के अधिकारी वर्तमान पंजीकृत मतदाताओं को विशिष्ट गणना पत्र वितरित करेंगे। इन पत्रों में उनकी वर्तमान मतदाता जानकारी शामिल होगी। यदि उनका नाम 2003 की मतदाता सूची में भी था, तो उन्हें कोई अतिरिक्त दस्तावेज़ जमा करने की आवश्यकता नहीं है।