मार्च 2, 2026 11:09 पूर्वाह्न

printer

एयर इंडिया ने पश्चिमी एशिया में मौजूदा स्थिति को देखते हुए यात्रा परामर्श जारी किया

एयर इंडिया ने पश्चिमी एशिया में मौजूदा स्थिति को देखते हुए यात्रा परामर्श जारी किया है। एयरलाइन ने संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इस्राएल और कतर से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को आज दिन भर के लिए स्थगित किया है। इसके अलावा, आज यूरोप जाने वाली कुछ उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं।

 

इनमें अमृतसर से बर्मिंघम, दिल्ली से ज्यूरिख, दिल्ली से कोपेनहेगन और बर्मिंघम से दिल्ली जाने वाली उड़ानें शामिल हैं। परामर्श में बताया गया है कि उत्तरी अमेरिका और यूरोप जाने वाली अन्य सभी उड़ानें पश्चिमी एशिया में उपलब्ध हवाई क्षेत्रों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करते हुए निर्धारित समय पर संचालित होंगी, जिससे उड़ान के समय में वृद्धि होने की संभावना है।

 

एयरलाइन ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नज़र रख रही है और आज के लिए इन परिचालनों का निर्णय लेने से पहले सुरक्षा, संरक्षा, हवाई क्षेत्र की उपलब्धता और परिचालन व्यवहार्यता सहित कई मापदंडों पर बदलती परिस्थितियों का सावधानीपूर्वक आकलन किया है।