एयर इंडिया ने पश्चिम एशिया में मौजूदा हालात के बीच अधिक मांग को देखते हुए टोरंटो, फ्रैंकफर्ट और पेरिस-चार्ल्स डी गॉल के लिए अतिरिक्त क्षमता वाली उड़ानें संचालित करने की घोषणा की है। सोशल मीडिया पोस्ट में एयर इंडिया ने बताया कि आज से 11 मार्च तक दिल्ली और टोरंटो के बीच 3 अतिरिक्त उडानें संचालित होंगी। 7 मार्च से 10 मार्च तक दिल्ली और फ्रैंकफर्ट के बीच तीन उड़ानें तथा दिल्ली और पेरिस के बीच एक उड़ान अतिरिक्त चलेगी।
एयर इंडिया ने बताया कि इन अतिरिक्त उड़ानों से यात्रियों को इन चुनिंदा मार्गों पर उड़ान के ज़्यादा विकल्प मिलेंगे, जिससे दिल्ली के अलावा भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के गंतव्यों के लिए संपर्क सुगम होगा।
इस बीच, एयर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमाह से दिल्ली, कोच्चि और मुंबई को जोड़ने वाली विशेष उड़ानें शनिवार तक चलाएगी। सोशल मीडिया पोस्ट में, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यह भी कहा कि आज मस्कट से आने-जाने वाली उडानों के साथ मस्कट और दिल्ली के बीच और मस्कट और मुंबई के बीच अतिरिक्त उड़ानें भी चलाएगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति जांचें और सुनिश्चित करें कि पीएनआर में उनका संपर्क विवरण सही दर्ज हो।