अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स नई दिल्ली ने अस्पताल के बाहर ओपीडी सेवाओं का लाभ उठाने के लिए इंतजार कर रहे मरीजों के लिए आश्रय सुविधा शुरू की है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सहयोग से शुरू की गई यह पहल, ओपीडी सेवाओं के लिए रात भर इंतजार करने के दौरान होने वाली भीड़भाड़ और असुविधा की चुनौतियों का समाधान करने के लिए मरीज-केंद्रित देखभाल के प्रति एम्स की प्रतिबद्धता दर्शाती है। रात में अस्पताल के बाहर इंतजार कर रहे मरीजों को आश्रय सुविधा में ले जाया जाता है और प्रत्येक मरीज को एक टोकन नंबर जारी किया जाता है, जिससे अगले दिन ओपीडी पंजीकरण के दौरान यही क्रम बना रहता है। इस सुविधा की क्षमता लगभग 250 व्यक्तियों की है, जिसका वर्तमान में पूरी तरह से उपयोग किया जा रहा है। आश्रय, भोजन और व्यवस्थित पंजीकरण प्रदान करके, इस पहल ने मरीजों की असुविधा को काफी हद तक कम किया है और अस्पताल के समग्र अनुभव को बेहतर बनाया है।
मीडिया से बातचीत में एम्स के निदेशक डॉ. एम. श्रीनिवास ने कहा कि इस आश्रय सुविधा में मरीजों और उनके परिचरों को मुफ्त भोजन, कंबल और स्वच्छ शौचालयों की सुविधा प्रदान की जा रही है।