नई दिल्ली नगरपालिका परिषद – एन.डी.एम.सी के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने आज तालकटोरा क्रिकेट ग्राउंड में एन.डी.एम.सी वार्षिक अंतर-विभागीय खेल प्रतियोगिता 2025-26 का उद्घाटन किया। यह प्रतियोगिता 13 मार्च तक जारी रहेगी जिसका उद्देश्य फिटनेस, टीम वर्क और खेल भावना को एक जीवंत उत्सव बनाना है। इसके अंतर्गत ट्रैक दौड़, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट, भाला फेंक, रस्साकशी, कैरम, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज और अन्य खेल विधाओं सहित कई तरह के आयोजन शामिल होंगे।
इस अवसर पर श्री चंद्रा ने खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि खेलों के लिए शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और अनुशासन बनाए रखना जरुरी है। उन्होंने बताया कि खेल स्वाभाविक रूप से एक स्वस्थ जीवन शैली से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि एनडीएमसी अपने कर्मचारियों और छात्रों के बीच खेलों और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों को सक्रिय रूप से लागू कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में तीन हजार से अधिक एन.डी.एम.सी कर्मचारी भाग ले रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच फिटनेस और समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलेगा।