अमरीका के राष्ट्रीय विज्ञान फाउंडेशन-एन.एस.एफ. ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से अमरीका और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में कृषि को आधुनिक बनाने के लिए क्वाड समर्थित पहल के तहत पहले पुरस्कारों की घोषणा की है।
एडवांसिंग इनोवेशन्स फॉर एम्पावरिंग नेक्स्ट जेन एग्रीकल्चर या एआई-एंगेज नामक यह कार्यक्रम छह अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान परियोजनाओं को समर्थन देगा। इस प्रयास में एन.एस.एफ. 24 लाख डॉलर का निवेश कर रहा है।
इसमें एन.एस.एफ., ऑस्ट्रेलिया का राष्ट्रमंडल वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान संगठन, जापान विज्ञान और प्रौद्योगिकी एजेंसी और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद शामिल हैं।
इन परियोजनाओं में एआई और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों को कृषि में लागू करने की योजना है। इसका लक्ष्य किसानों को फसल की पैदावार बढ़ाने और कीटों का अधिक प्रभावी ढंग से प्रबंधन करने में मदद करना है। ये छह परियोजनाएं अमरीका के प्रमुख विश्वविद्यालयों में जारी हैं और इनमें तीन क्वाड देशों के शोधकर्ता शामिल हैं।