केंद्रीय पत्तन पोत, परिवहन और जलमार्ग मंत्री सरबानंद सोनोवाल ने कहा है कि एनडीए सरकार की परिवर्तनकारी नीतियों के कारण देश ने वर्ष 2024-25 में राष्ट्रीय जलमार्गों पर रिकॉर्ड 14 करोड़ 60 टन माल ढुलाई हासिल की है। ये वर्ष 2013-14 में एक करोड़ 81 लाख टन थी। राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान श्री सोनोवाल ने कहा कि पिछले 10 वर्ष में अंतर्देशीय जलमार्गों में कुल निवेश 1700 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जो यूपीए सरकार के दौरान केवल 183 करोड़ रुपये था। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 111 जलमार्ग चल रहे हैं, जो देश में लॉजिस्टिक लागत को कम करने में सहायक हैं। श्री सोनोवाल ने कहा कि भारत में क्रूज पर्यटन में लगभग 480 प्रतिशत की वृद्धि देखी जा रही है। उन्होंने बताया कि 2025 में यात्रियों की संख्या लगभग 5 लाख तक पहुंच गई, जो 2014 में 84 हजार 705 थी। श्री सोनोवाल ने कहा कि देश में लाइटहाउस पर्यटन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो पहले केवल चार लाख 30 हजार तक सीमित था, अब बढ़कर 19 लाख हो गया है।
News On AIR | फ़रवरी 10, 2026 2:31 अपराह्न
एनडीए सरकार की परिवर्तनकारी नीतियों के कारण देश ने वर्ष 2024-25 में राष्ट्रीय जलमार्गों पर रिकॉर्ड 14 करोड़ 60 टन माल ढुलाई हासिल की: केंद्रीय मंत्री सरबानंद सोनोवाल