जून 7, 2024 1:52 अपराह्न

printer

एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वसम्मति से संसदीय दल का नेता चुना गया

राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) संसदीय दल की बैठक में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुना गया। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने आज एनडीए संसदीय दल के नेता के तौर पर नरेंद्र मोदी का नाम प्रस्तावित किया। राजनाथ सिंह के प्रस्ताव का केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी और टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू, जेडीयू अध्यक्ष और बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार समेत एनडीए के सभी घटक दलों ने समर्थन किया। नई दिल्ली के पुराने संसद भवन (संविधान सदन) के केंद्रीय कक्ष में एनडीए संसदीय दल की बैठक चल रही है।

 

श्री मोदी के नाम का प्रस्ताव करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि वे इस पद के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन कोई मजबूरी नहीं बल्कि हमारी प्रतिबद्धता है।

 

प्रस्ताव का समर्थन करते हुए केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह सिर्फ एनडीए संसदीय दल की बैठक में बैठे नेताओं की नहीं बल्कि इस देश के 140 करोड़ लोगों की इच्छा है।

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यह सुनिश्चित करने के लिए पूरे समर्पण के साथ काम किया है कि देश समृद्ध हो और महाशक्ति बने।

 

टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में एनडीए सरकार ने पिछले दस वर्षों में महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कहा कि देश ने उल्लेखनीय प्रगति और परिवर्तन देखा है।

 

बिहार के मुख्‍यमंत्री और जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि हम सभी एक साथ आए हैं और अब हम सभी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मिलकर काम करेंगे।

 

इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि एनडीए को लगातार तीसरे साल लोकसभा चुनाव में बहुमत मिला है। उन्होंने कहा कि ओडिशा और आंध्र प्रदेश में हमें जो सफलता मिली वह सराहनीय है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अनुराग सिंह ठाकुर, एलजेपी (आर) प्रमुख चिराग पासवान, एनसीपी नेता अजित पवार, आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी, जन सेना प्रमुख पवन कल्याण, अपना दल (एस) नेता अनुप्रिया पटेल, जद (एस) नेता एचडी कुमारस्वामी सहित अन्य लोग बैठक में उपस्थित थे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह भी बैठक में शामिल हैं।