दिसम्बर 28, 2025 7:01 अपराह्न

printer

एनटीएच और डीएमएसआरडीई के बीच समझौता, अनुसंधान व परीक्षण सहयोग को मिलेगा बढ़ावा

राष्ट्रीय परीक्षण शाला- एनटीएच तथा रक्षा सामग्री और भंडार अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान – डीएमएसआरडीई ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते से दोनों संस्‍थानों के बीच अनुसंधान, परीक्षण और प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ेगा। इसके अंतर्गत ऐसे मामलों पर ध्‍यान केन्‍द्रित किया जाएगा जहां प्रशिक्षण शालाओं में विशेष सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इस सहयोग से वैज्ञानिक और तकनीकी कर्मियों के बीच ज्ञान साझा करने और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा।

समझौते का उद्देश्य सहयोगात्मक अनुसंधान और परीक्षण गतिविधियों, प्रयोगशाला और उपकरण सुविधाओं को साझा करना तथा पारस्परिक हित और राष्ट्रीय महत्व के क्षेत्रों को सुविधाजनक बनाना है।

एनटीएच, उपभोक्ता मामले विभाग का एक ऐसा संस्थान है, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार औद्योगिक और उपभोक्ता उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला के लिए परीक्षण, निरीक्षण और गुणवत्ता आश्वासन सेवाएं प्रदान करता है।

डीएमएसआरडीई रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन की एक प्रयोगशाला है जो रक्षा कार्यो के लिए महत्वपूर्ण विशेष सामग्रियों के अनुसंधान और विकास संबंधी कार्य कर रही है।