भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण -एनएचएआई ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए फास्टैग वार्षिक पास के लागू शुल्क को मौजूदा तीन हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार 75 रुपये करने की घोषणा की है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कहा कि 75 रुपये की बढ़ी हुई फीस अगले महीने की पहली तारीख से लागू होगी।
मंत्रालय ने कहा कि संशोधित दर वैध फास्टैग वाले पात्र गैर-व्यावसायिक वाहनों पर लागू होगी जो राष्ट्रीय राजमार्गों और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर एक हजार से अधिक टोल प्लाजा पर वार्षिक पास सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं।
फास्टैग वार्षिक पास एक साल की वैधता या 200 टोल प्लाजा क्रॉसिंग के लिए एकमुश्त शुल्क भुगतान के माध्यम से फास्टैग को बार-बार रिचार्ज करने की आवश्यकता को समाप्त करता है। यह पास वैध फास्टैग वाले सभी गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए लागू है।