अगस्त 6, 2025 9:08 पूर्वाह्न

printer

एनआईए ने अमृतसर के एक मंदिर पर हुए आतंकी ग्रेनेड हमले के सिलसिले में पंजाब में चलाया तलाशी अभियान

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने इस साल मार्च में अमृतसर के एक मंदिर पर हुए आतंकी ग्रेनेड हमले के सिलसिले में पूरे पंजाब में 19 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया है। एनआईए की टीमों ने कल सीमावर्ती जिलों अमृतसर, गुरदासपुर और बटाला में की गई तलाशी के दौरान मोबाइल और डिजिटल उपकरणों सहित कई आपत्तिजनक सामग्रियां जब्त कीं।

 

एजेंसी ने कहा है कि आतंकवादियों ने अमृतसर के शेरशाह रोड पर स्थित ठाकुर द्वारा सनातन मंदिर पर ग्रेनेड फेंका था। उन्हें विदेशों में स्थित आकाओं का समर्थन हासिल था। जांच के दौरान पाया गया कि इस हमले को आरोपी गुरसिदक सिंह और विशाल गिल ने अंजाम दिया था। मृतक गुरसिदक सिंह विदेशी आकाओं के संपर्क में था, जिन्होंने भारत में हमले के लिए कई लोगों की भर्ती की और ग्रेनेड और धन मुहैया कराकर लोगों में आतंक फैलाने की साजिश रची। एनआईए ने बताया है कि वह देश की सुरक्षा और संप्रभुता को खतरा पैदा करने वाले विभिन्न आतंकी मॉड्यूल के संचालकों के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखे हुए है।