एक रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान बलूचिस्तान में बढ़ती आवाज़ों को दबाने के लिए जबरन गायब किए जाने को कानूनी मान्यता दे रहा है। बलूचिस्तान पोस्ट ने एक संपादकीय में इस बात का उल्लेख किया है कि विवादित मुख्यमंत्री सरफ़राज़ बुगती की नेतृत्व वाली प्रांतीय सरकार द्वारा बलूचिस्तान रोकथाम, नज़रबंदी और आतंकवादरोधी अधिनियम 2025 को मंज़ूरी देना बलूचिस्तान में जबरन गायब किए जाने को कानूनी मान्यता देने का एक प्रयास है।
इस सप्ताह की शुरुआत में बुगती की अध्यक्षता में बलूचिस्तान प्रांतीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई। बलूचिस्तान प्रांतीय मंत्रिमंडल की सरकार पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी-पीपीपी के नेतृत्व में है। इस बैठक के दौरान जबरन गायब किए जाने को कानूनी संरक्षण देने और जबरन गायब किए गए व्यक्तियों को हिरासत केंद्रों में रखने का एक विवादास्पद निर्णय लिया गया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इसका उद्देश्य जबरन गायब किए जाने और दमन के खिलाफ बढ़ते आंदोलन को दबाना और गायब हुए लोगों के परिवारों को चुप कराना है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार संगठन, एमनेस्टी इंटरनेशनल, पाकिस्तान मानवाधिकार आयोग और अन्य संगठनों ने बलूचिस्तान में जबरन गायब किए जाने के मुद्दे पर बार-बार चिंता व्यक्त की है और पाकिस्तान के अधिकारियों और सरकार से इस गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन को संबोधित करने का आग्रह किया है।