फ़रवरी 5, 2026 2:08 अपराह्न

printer

एआई चुनौतियों से निपटने में भारत की अग्रणी भूमिका की UN महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सराहना की

संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव एंतोनियो गुतरश ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई वैश्विक शिखर सम्‍मेलन का आयोजन करने के लिए भारत के नेतृत्‍व की प्रशंसा की है। उन्‍होंने कहा कि एआई अंतर्राष्‍ट्रीय संबंधों के मामले में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रही एआई तकनीक की चुनौतियों और अवसरों का विश्लेषण करने के लिए सभी देशों को एक साथ आना चाहिए।

श्री गुतरश 16 से 20 फरवरी के बीच होने वाले भारत एआई इम्‍पेक्‍ट सम्‍मेलन 2026 में भाग लेने के लिए नई दिल्‍ली आएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने फ्रांस एआई एक्‍शन सम्‍मेलन में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि विकासशील और अल्‍प विकसित देश में आयोजित होने वाला यह पहला वैश्विक एआई सम्‍मेलन होगा। इस सम्‍मेलन की विषय वस्‍तु है लोग, ग्रह और प्रगति। सम्‍मेलन में एआई संचालित प्रशासन के समग्र और सतत दृष्टिकोणों पर प्रकाश डाला जाएगा।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि शिखर सम्मेलन में उनका संदेश भविष्य शिखर 2024 सम्मेलन में अपनाए गए वैश्विक डिजिटल समझौते के परिणामों के अनुरूप होगा। वे प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल की भूमिका के बारे में राष्ट्राध्यक्षों और अन्य हितधारकों को जानकारी देंगे। श्री गुतरश वैश्विक संवादों से अपेक्षाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे और विकासशील देशों में क्षमता निर्माण पहलों के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने की आवश्यकता पर बल देंगे।

वैश्विक डिजिटल समझौता स्‍वतंत्र, सुरक्षित और समावेशी डिजिटल भविष्य के लिए एक साझा दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर एक स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल की स्थापना इसका मुख्‍य उद्देश्य है। इस पैनल का उद्देश्‍य है कि वैज्ञानिक समझ मजबूत बने और   वैश्विक नीतिगत चर्चाएं ठोस साक्ष्यों द्वारा निर्देशित हों। श्री गुतरश ने इस पैनल में दुनिया के सभी क्षेत्रों के 40 विशेषज्ञों को शामिल करने की सिफारिश की है।