जनवरी 21, 2026 9:33 अपराह्न

printer

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहने का आह्वान किया

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहने, सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानी से करने और मन पर नियंत्रण रखने का आह्वान किया है। बेंगलुरु में आज सीएमआर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के रजत जयंती समारोह में उन्‍होंने यह बात कही। उपराष्‍ट्रपति ने युवाओं से असफलताओं से हार न मानने का आग्रह करते हुए कहा कि ईमानदारी, प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत से ही सफलता संभव है। श्री राधाकृष्‍णन ने कहा कि शिक्षण संस्‍थानों की भूमिका विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाना है। शिक्षकों को विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और चरित्र का विकास करना चाहिए। उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत अब प्रौद्योगिकी निर्माता के रूप में उभर रहा है। उन्होंने युवाओं से 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने का सपना साकार करने के लिए काम करने का आह्वान किया।