दिसम्बर 30, 2025 6:49 पूर्वाह्न

printer

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने समाज के विकास और कल्याण के लिए सामुदायिक भावना और धार्मिक सद्भाव के साथ एकजुट होने का आह्वान किया

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने समाज के विकास और कल्याण के लिए सामुदायिक भावना और धार्मिक सद्भाव के साथ एकजुट होने का आह्वान किया है। वे कल तिरुवनंतपुरम के एलएमएस चर्च परिसर में क्रिसमस और नव वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित त्रिवेंद्रम फेस्ट 2025 नामक एक सभा में शामिल हुए थे। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा कि लोकतंत्र, सांप्रदायिक सद्भाव और विकास की सच्ची भावना तभी दिखाई देती है जब लोग धार्मिक त्योहारों को एक साथ मनाते हैं।

 

राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने सभा में आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता लैटिन आर्चडायोसीस के आर्कबिशप थॉमस जे. नेटो ने की। इनके अलावा महापौर वी.वी. राजेश, बिलीवर्स ईस्टर्न चर्च के मेट्रोपॉलिटन सैमुअल मार थिलोफिलोस, शांतिगिरि आश्रम के महासचिव गुरुरत्नम ज्ञान तपस्वी और पलायम इमाम वी.पी. सुहैब मौलवी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

 

आज उपराष्ट्रपति वर्ककला में 93वीं शिवगिरि तीर्थयात्रा में भाग लेंगे। इसके बाद वे तिरुवनंतपुरम के मार इवानियोस कॉलेज की प्लेटिनम जयंती के समापन समारोह पर आयोजित सार्वजनिक सभा का उद्घाटन करेंगे।