दिसम्बर 29, 2025 1:51 अपराह्न

printer

पुद्दुचेरी एक गौरवशाली शहर है जिसने सदियों से दुनिया को न केवल देश की प्राचीन सभ्यता बल्कि प्रेम और समावेशिता के स्थायी मूल्यों से भी अवगत कराया है: उपराष्‍ट्रपति सी.पी.राधाकृष्‍णन

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने आज कहा कि पुद्दुचेरी एक गौरवशाली शहर है जिसने सदियों से दुनिया को न केवल देश की प्राचीन सभ्यता बल्कि प्रेम और समावेशिता के स्थायी मूल्यों से भी अवगत कराया है। उपराष्ट्रपति के रूप में केंद्र शासित प्रदेश की अपनी पहली यात्रा के दौरान पुद्दुचेरी में उन्‍होंने यह बात कही।

 

उपराष्ट्रपति ने कहा कि पुद्दुचेरी ने अपनी सांस्कृतिक उत्कृष्टता को सावधानीपूर्वक संरक्षित किया है। उन्‍होंने कहा कि सुब्रमण्य भरतियार, वी.वी.एस. अय्यर और भरतिदासन जैसे प्रतिष्ठित कवियों और विचारकों ने इसी धरती पर तमिल को ज्ञान का प्रकाश स्तंभ बनाया।

 

शहरी विकास के लिए केंद्र की प्रतिबद्धता का उल्‍लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के तमिल के प्रति गहरे स्नेह के कारण तमिलनाडु और पुद्दुचेरी को स्मार्ट सिटी मिशन के तहत कई परियोजनाएं मिली हैं।

 

पुद्दुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन, मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, विधान सभा अध्यक्ष आर. सेल्वम, मंत्री, संसद सदस्य और विधान सभा सदस्य समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उपराष्ट्रपति ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कुमारगुरु पल्लम के लोगों को घरों की चाबियां सौंपी। उपराष्ट्रपति ने स्मार्ट सिटी मिशन आवास परियोजना के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी की।

 

इस अवसर पर उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने कहा कि देश के युवा उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को एक रोल मॉडल के रूप में देखते हैं। उन्‍होंने उम्मीद जताई कि श्री राधाकृष्‍णन का कार्यकाल भारतीय लोकतंत्र के लिए एक सुनहरा दौर साबित होगा। सभा को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने कहा कि उपराष्ट्रपति ने पुद्दुचेरी के विकास के लिए बहुमूल्य समर्थन दिया है और केंद्र शासित प्रदेश की प्रगति में उनका महत्‍वपूर्ण योगदान है।

 

बाद में उपराष्ट्रपति ने ईश्वरन कोइल स्ट्रीट, पुद्दुचेरी में महाकवि भरतियार स्मारक का दौरा किया और उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।