अक्टूबर 11, 2025 1:16 अपराह्न

printer

उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि

उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज वरिष्ठ नेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, उपराष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें उन्नीस वर्ष की अवस्‍था में जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में संपूर्ण क्रांति में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
 
 
उन्होंने जयप्रकाश नारायण को लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक स्वतंत्रता और लोगों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध एक दूरदर्शी नेता बताया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि नारायण का जीवन पीढ़ियों को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीकों से सामाजिक परिवर्तन पर काम करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
 
 
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में, आम नागरिकों को सशक्त बनाने और भारत के संविधान की अखंडता की रक्षा में जयप्रकाश नारायण की भूमिका पर प्रकाश डाला। श्री मोदी ने उन्हें भारत की अंतरात्मा की सबसे निडर आवाज़ों में से एक और लोकतंत्र एवं सामाजिक न्याय के एक अथक समर्थक के रूप में याद किया। उन्होंने यह भी कहा कि गुजरात और बिहार में जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में हुए आंदोलनों ने पूरे देश में सामाजिक-राजनीतिक जागृति को प्रेरित किया।