जुलाई 10, 2024 7:49 अपराह्न

printer

उन्नाव में डबल डेकर बस के दूध के टैंकर से टकराने से 18 लोगों की मौत

उन्नाव जिले में बांगरमऊ के पास आज सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक डबल डेकर बस के दूध के टैंकर से टकराने से 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए। यह बस बिहार के सीतामढ़ी से दिल्ली आ रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस काफी क्षतिग्रस्त हो गई और लोग बस से बाहर जा गिरे।

 

पुलिस और अन्य आपातकालीन कर्मी पीड़ितों को वहां से निकालने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। ये नंबर हैं-0 5 1 5- 2 9 7 0 7 6 7,   9 6 5 1 4 3 2 7 0 3,  9 4 5 4 4 1 7 4 4 7,  8 8 8 7 7 1 3 6 1 7 और  8 0 8 1 2 1 1 2 8 9
उन्नाव के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ शंकर मीणा ने बताया कि घायलों का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है, जबकि पांच घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क दुर्घटना में मरने वालों के प्रति दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वे इस खबर से बेहद दुखी हैं।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्थानीय प्रशासन राज्य सरकार की निगरानी में पीड़ितों की हरसंभव सहायता कर रहा है। श्री मोदी ने प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रूपये की अनुग्रह राशि और घायलों को पचास-पचास हजार रूपये देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के उचित उपचार के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये हैं।