वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज अधिक संतुलित, समावेशी और भविष्य के लिए तैयार आर्थिक साझेदारी के लिए भारत-सिंगापुर व्यापार तथा निवेश संबंधों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने यह बात सिंगापुर में आयोजित भारत-सिंगापुर एट 60 विकास और सहभागिता के लिए साझेदारी व्यापार सत्र में सिंगापुर के विदेश मामलों और व्यापार तथा उद्योग राज्य मंत्री सिओ हुआंग के साथ मुख्य भाषण के दौरान कही।
श्री गोयल ने दोनों देशों के व्यवसायों के बीच बेहतर सहयोग पर ज़ोर दिया। उन्होंने पिछले छह दशकों में राजनयिक संबंधों में हुई परिवर्तनकारी प्रगति और विश्वास तथा पारस्परिक सम्मान पर आधारित गहन द्विपक्षीय संबंधों की आशाजनक संभावनाओं की सराहना की।
इस अवसर पर, सिंगापुर की विदेश और व्यापार तथा उद्योग मंत्री सुश्री हुआंग ने दोनों देशों के बीच मज़बूत आर्थिक तथा लोगों के बीच आपसी संबंधों पर आधारित घनिष्ठ और दीर्घकालिक संबंधों की पुष्टि की।
गोलमेज सम्मेलन में श्री गोयल ने प्रमुख वैश्विक निवेशकों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कीं।