जनवरी 22, 2026 8:19 अपराह्न

printer

उद्यमिता मंत्रालय ने तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए विश्व आर्थिक मंच के साथ किया समझौता

कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने भारत के कौशल तथा तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रणाली को मजबूत करने के लिए विश्व आर्थिक मंच के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

मंत्रालय ने कहा कि इस समझौता ज्ञापन के माध्यम से वह देश में कौशल उन्‍नयन कार्यक्रम शुरू करने और उसे लागू करने के लिए विश्व आर्थिक मंच के साथ सहयोग करेगा।

मंत्रालय ने  कहा कि यह पहल महत्वपूर्ण कौशल अंतर को पाटने और देश के युवाओं की वैश्विक रोजगार क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मंत्रालय ने यह भी कहा कि यह समझौता ज्ञापन भारत के टैलेंट पूल को, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हरित ऊर्जा, रोबोटिक्स और उन्नत विनिर्माण जैसे उभरते क्षेत्रों के अनुरूप तैयार करने में मदद करेगा।

कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि विश्व आर्थिक मंच के साथ साझेदारी में भारत कौशल उन्‍नयन कार्यक्रम का औपचारिक रूप से शुरू होना भविष्य के लिए तैयार, वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी कार्यबल के निर्माण में प्रमुख उपलब्धि है।