नवम्बर 5, 2025 9:17 पूर्वाह्न

printer

उत्तान-विरार सी लिंक को वधावन बंदरगाह तक विस्तारित करने को महाराष्ट्र सरकार की मंजूरी

महाराष्ट्र सरकार ने उत्तान-विरार सी लिंक को पालघर जिले के वधावन बंदरगाह तक विस्तारित करने की मंज़ूरी दे दी है। इससे मुंबई महानगर क्षेत्र में तटीय संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। यह निर्णय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट इंफ्रास्ट्रक्चर समिति की बैठक में लिया गया। श्री फडणवीस ने बताया कि परियोजना की कुल लंबाई 55.12 किलोमीटर होगी।

 

इसमें 24.35 किलोमीटर लंबा मुख्य समुद्री पुल और उत्तान से 9.32 किलोमीटर, वसई से 2.5 किलोमीटर और विरार से 18.95 किलोमीटर लंबी सड़कें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वधावन बंदरगाह तक विस्तार से उत्तर-दक्षिण संपर्क मज़बूत होगा। साथ ही वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, एस.वी. रोड और लिंक रोड पर यातायात का दबाव कम होगा, जो लंबे समय से अपनी क्षमता से ज़्यादा चल रहे हैं।