मौसम विभाग ने आज दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की स्थिति का पूर्वानुमान लगाया है। बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी दिन भर घना कोहरा छाया रहेगा। विभाग ने ओडिशा, सिक्किम, उत्तराखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और उत्तर-पूर्वी भारत में भी ऐसी ही स्थिति का अनुमान लगाया है।
छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में शीतलहर का प्रकोप रहेगा। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी शीत लहर रहेगी। मौसम विभाग ने कहा कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में इस महीने की 31 तारीख तक गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इस बीच राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार आज सुबह 7 बजे तक राष्ट्रीय राजधानी में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 391 दर्ज किया गया।