मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। विभाग ने हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी 25 जनवरी तक घने कोहरे की स्थिति का अनुमान व्यक्त किया है।
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 26 जनवरी तक इसी प्रकार की स्थिति बनी रहेगी। विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिन के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र-एनसीआर में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज शाम 7 बजे तक राष्ट्रीय राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 285 दर्ज किया गया।