उत्तर प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं और स्टार प्रचारकों ने आज प्रचार किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने मोहनलालगंज सीट से पार्टी प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के समर्थन में प्रचार किया। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार देश के गरीब लोगों की चिन्ता करती है, इसीलिए आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड जैसी कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई। भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हमीरपुर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जबसे भाजपा सरकार सत्ता में आई है तब से भ्रष्टाचार और खराब कानून व्यवस्था का कोई मुद्दा नहीं है। श्री योगी आदित्यनाथ ने महोबा जिले में भी प्रचार किया और बुंदेलखण्ड क्षेत्र की झांसी सीट में रोड शो किया।
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने बांदा संसदीय सीट के अतर्रा क्षेत्र में चुनावी सभा की। उन्होंने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि देश के लोग बढ़ती मंहगाई और बेरोजगारी से परेशान हो गये हैं। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बलरामपुर जिले के गईंसारी में चुनावी रैली की। इस सीट के लिए छठे चरण में उपचुनाव होना है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूंजीवादियों के लिए काम कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने रायबरेली में आज राहुल गांधी के लिए प्रचार किया।