उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर विभिन्न राजनैतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं और स्टार प्रचारकों द्वारा चुनावी रैलियां और जनसभाएं की जा रही हैं। इसी क्रम में आज सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने संयुक्त रूप से कन्नौज और कानपुर में गठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में रैली को संबोधित किया।
रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गठबंधन की सबसे बड़ी जीत उत्तर प्रदेश में होगी। नरेन्द्र मोदी सरकार ने देश के करोड़ों युवाओं को रोजगार देने के बजाय बेरोजगार बनाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया, लेकिन 22 पूंजीपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया। उन्होंने कहा कि गठबन्धन की सरकार बनने पर कांग्रेस पार्टी किसानों के गरीबी रेखा से ऊपर आने तक आर्थिक मदद जारी रखेगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि देश के नौजवान, किसान और मजदूर बदलाव चाहते हैं और इस बदलाव में उत्तर प्रदेश बड़ी भूमिका निभायेगा। राहुल गांधी ने देर शाम लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में राष्ट्रीय संविधान सम्मेलन को संबोधित किया और जातिगत जनगणना सहित अन्य मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किये।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर और बहराइच में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा की। श्री योगी ने कहा कि यह संसदीय चुनाव सामान्य चुनाव भर नहीं है। यह विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का चुनाव है। देश की महिलाओं, नौजवानों, किसानों और व्यापारियों समेत हर तबके को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने का चुनाव है।
बसपा प्रमुख मायावती ने आज कानपुर में जनसभा कर कानपुर और अकबरपुर लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। मायावती ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस पूंजीपतियों से पैसा लेकर चुनाव लड़ती है। कांग्रेस की तरह ही भाजपा भी सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रही है।
प्रियंका गांधी ने आज अमेठी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में 10 साल तक शासन करने के बाद भी बीजेपी के पास दिखाने के लिए कोई ठोस काम नहीं है।