उत्तर प्रदेश में प्रचार अभियान बहुत जोर शोर से चल रहा है। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने आज गौतमबुद्ध नगर जिले में प्रचार किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के भ्रष्टाचार के केंद्र के रूप में पहले जाने जाने वाले नोएडा आज राज्य में कारोबार का केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब कानून और व्यवस्था, विकास, निवेश और सुशासन के लिए जाना जाता है।
वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज चुनाव प्रचार चरम पर है और मेरठ शहर प्रचार अभियान का मुख्य केंद्र है। राज्य की तीन बड़ी राजनीतिक पार्टियों के शीर्ष नेता आज मेरठ में होंगे। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव आज मेरठ जिले के सिवालखास क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। वे अलीगढ़ जिले में भी प्रचार अभियान करेंगे। बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती आज दोपहर बाद मेरठ जिले में एक रैली को संबोधित करेंगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ भी एक रोड शो करेंगे।
इससे पहले वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक रैली को संबोधित करेंगे। श्री योगी आज दोपहर बाद बागपत जिले के बड़ौत क्षेत्र में एक रैली को भी संबोधित करेंगे।