अप्रैल 24, 2024 7:17 अपराह्न

printer

उत्तर प्रदेश में लोकसभा की आठ सीटों पर दूसरे चरण के चुनाव के लिए चुनाव प्रचार समाप्त

उत्तर प्रदेश में लोकसभा की आठ सीटों पर दूसरे चरण के चुनाव के लिए चुनाव प्रचार आज शाम समाप्त हो गया। इसके साथ ही राज्य में अगले चरण के चुनाव के लिए अब सभी पार्टियों ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। आकाशवाणी के लखनऊ संवाददाता ने खब़र दी है कि 26 अप्रैल को अमरोहा, बागपत, बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा और मेरठ में मतदान होगा। इन सीटों के लिए आज शाम चुनाव प्रचार समाप्‍त हो गया, अब उम्मीदवार और उनके समर्थक लोगों से मिलकर प्रचार अभियान में जुटे हैं। 

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मैनपुरी और इटावा जिलों में प्रचार किया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी संविधान बदलना चाहती है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में पार्टी कार्यालय में चुनाव के लिए मीडिया सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की नज़र आम लोगों की संपत्ति पर है। उधर, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव प्रभारी अविनाश पांडे ने बरेली जिले के ऑंवला विधानसभा क्षेत्र में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की।