मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों के दौरान घना कोहरा छाये रहने का रेड अलर्ट जारी किया है। ऐसी ही स्थिति बिहार, हरियाणा, चण्डीगढ, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भी बने रहने की संभावना है।
विभाग ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत के कुछ भागों, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तराखण्ड में भी अगले तीन से चार दिनों के दौरान घना कोहरा छाये रहने के आसार हैं। झारखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखण्ड में कल कड़ाके की ठंड की संभावना है। अण्डमान और निकोबार द्वीप समूह में 30 दिसम्बर तक आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
इस बीच दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में आज सुबह सात बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 353 दर्ज किया गया।