उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड ने उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती का अंतिम परिणाम आज घोषित कर दिया है। परीक्षार्थी अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट यू पी पी बी पी बी डॉट जी ओ वी डॉट आई एन पर देख सकते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद पर चयनित 60 हजार दो सौ 44 युवाओं को बधाई दी। सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री ने पुलिस बल में 12 हजार 48 महिलाओं की भर्ती पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चयन प्रक्रिया निष्पक्षता, पारदर्शिता और आरक्षण प्रावधानों के अनुसार संपन्न हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य के इतिहास की सबसे बड़ी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के सफल आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।