उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों पर मंगलवार 7 मई को तीसरे चरण में होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार चरम पर है। तीसरे चरण में संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली। सभी की निगाहें समाजवादी पार्टी के पारंपरिक गढ़ मैनपुरी सीट पर होंगी, जहां पार्टी ने डिंपल यादव को मैदान में उतारा है। उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हैं। बहुजन समाज पार्टी ने पूर्व विधायक शिव प्रसाद यादव को टिकट दिया है।
भारतीय जनता पार्टी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी, वंशवाद की राजनीति के साथ-साथ अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण सहित केंद्र सरकार के विकास कार्यों को जनता के समक्ष ला रही है। समाजवादी पार्टी भाजपा को घेरने के लिए बेरोजगारी, महंगाई, आरक्षण, पेपर लीक और जातीय जनगणना का मुद्दा उठा रही है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव आज शाम को मैनपुरी में रोड शो करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मैनपुरी से सटे इटावा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा और बसपा के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता इस लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में समर्थन जुटाने के लिए घर-घर प्रचार-अभियान चला रहे हैं। कल शाम को तीसरे चरण का चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा।