उत्तर प्रदेश में सातवें और आखिरी चरण का चुनाव प्रचार चरम पर है, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख प्रचारकों ने आज अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।
गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने आज पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में कुशीनगर, सलेमपुर और चंदौली में जनसभाओं को संबोधित किया। श्री शाह ने कहा कि यह चुनाव विकास के लिए है, देश को सुरक्षित करने के लिए है। यह गरीबों के कल्याण के लिए है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव प्रचार के लिए भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भी आज वाराणसी में कई सभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता योगी आदित्यनाथ ने भी आज बलिया, रॉबर्ट्सगंज, घोसी और वाराणसी में जनसभाओं को संबोधित किया। श्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लोगों ने बदलते भारत को देखा है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले के भारत और 2024 के भारत में बहुत अंतर है।
उधर, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आज गाजीपुर और चंदौली में राजनीतिक सभा को संबोधित किया। श्री यादव ने दावा किया कि भाजपा और बसपा ने अंदर ही अंदर हाथ मिला लिया है।
लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर पहली जून को मतदान होगा।